छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कराज्य

जशपुर जिले के 36 क्लस्टरों में लगेगा सुशासन तिहार 2026 का शिविर, 05 मई से खूंटीटोली से शुरुआत

ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आयोजित शिविरों में समस्याओं का होगा त्वरित समाधान

रायपुर, 30 अप्रैल 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में “सुशासन तिहार 2026” का व्यापक आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले में कुल 36 क्लस्टरों में शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें 31 क्लस्टर जनपद पंचायत क्षेत्रों तथा 5 क्लस्टर नगरीय निकायों में शामिल हैं।

प्रत्येक ग्रामीण क्लस्टर शिविर में लगभग 11 से 18 गांवों के लोग शामिल होकर अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे, जबकि नगरीय क्षेत्रों के शिविरों में एक क्लस्टर के अंतर्गत 15 वार्डों के नागरिकों को सुविधा मिलेगी। जशपुर कलेक्टर ने इस अभियान के सुचारू संचालन के लिए नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर विभिन्न विभागों को जिम्मेदारी सौंपी है।

जिला प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार पहला शिविर 05 मई 2026 को कांसाबेल विकासखंड के खूंटीटोली में आयोजित होगा। इसके बाद अलग-अलग विकासखंडों में तय तिथियों के अनुसार शिविर आयोजित किए जाएंगे। बगीचा क्षेत्र में 07 मई से 29 मई तक विभिन्न स्थानों पर शिविर लगेंगे, वहीं कुनकुरी, जशपुर, दुलदुला, मनोरा, पत्थलगांव, कांसाबेल और फरसाबहार क्षेत्रों में भी निर्धारित तिथियों पर शिविर आयोजित किए जाएंगे।

नगरीय निकायों में भी नागरिकों की सुविधा के लिए शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें नगर पंचायत बगीचा, नगर पालिका पत्थलगांव, नगर पंचायत कोतबा, नगर पंचायत कुनकुरी और नगर पालिका जशपुर शामिल हैं।
सुशासन तिहार के तहत नागरिक अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन सीधे शिविरों में प्रस्तुत कर सकेंगे।

इन आवेदनों का निराकरण अधिकतम एक माह के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा। यह पहल प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के साथ ही समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी शिविर में पहुंचकर आवेदन प्रस्तुत करें और इस पहल का लाभ उठाएं।

Related Articles

Back to top button