छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कराज्य

जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना, शासन का उद्देश्य: प्रभारी मंत्री श्री दयालदास बघेल

सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत ग्राम चंदौरा में आयोजित

जनसमस्या निवारण शिविर में 319 आवेदन प्राप्त, 114 का मौके पर निराकरण

चंदौरा में 10 लाख की लागत से बनेगा सामुदायिक भवन; शैला एवं कर्मा दलों को 20-20 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा

रायपुर, 20 मई 2026

सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत ग्राम चंदौरा में आयोजितसुशासन तिहार 2026 अंतर्गत ग्राम चंदौरा में आयोजित

 

सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जिले के प्रतापपुर जनपद पंचायत के ग्राम चंदौरा में आज जनसमस्या निवारण शिविर का भव्य आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता सूरजपुर जिले के प्रभारी एवं प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री दयालदास बघेल ने की, जबकि छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री रामसेवक पैकरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं, शिकायतें एवं मांगें प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत कीं। शिविर में कुल 319 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 114 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया तथा शेष आवेदनों पर शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।

ग्रामवासियों को सम्बोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्री दयालदास बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन का संकल्प है कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि अधिक से अधिक लोग सुशासन तिहार अंतर्गत आयोजित शिविरों का लाभ उठाएं।

उन्होंने कहा कि किसानों के हितों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए शासन ने पारदर्शिता के साथ धान खरीदी की है तथा किसानों को राशि का समय पर भुगतान सुनिश्चित किया गया है। राज्य के जरूरतमंद एवं कमजोर वर्गों को नियमित रूप से खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। कृषि उत्पादकता बढ़ाने हेतु उन्होंने किसानों से मिट्टी परीक्षण कराने एवं शासन की योजनाओं के तहत खाद-बीज प्राप्त करने की अपील की।

योजनाओं की विस्तृत जानकारी

प्रभारी मंत्री ने कहा कि कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने हेतु प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृतियां प्रदान की जा रही हैं। फसल बीमा योजना के अंतर्गत प्राकृतिक आपदा अथवा फसल हानि की स्थिति में किसानों को राहत प्रदान करने की समुचित व्यवस्था की गई है। महतारी वंदन योजना की राशि के सुचारु भुगतान हेतु उन्होंने समस्त हितग्राहियों से अनिवार्य रूप से केवाईसी कराने की अपील की। साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति का लाभ लेने का आह्वान करते हुए हर घर तक पेयजल पहुंच सुनिश्चित करने के लिए जल जीवन मिशन के बेहतर क्रियान्वयन के निर्देश दिए। रोजगार सृजन के संदर्भ में उन्होंने बताया कि जी राम जी योजना के माध्यम से विभिन्न निर्माण कार्यों के द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं।

आदिवासी संस्कृति के संरक्षण हेतु महत्वपूर्ण घोषणाएं

प्रभारी मंत्री श्री बघेल ने आदिवासी संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से शैला एवं कर्मा दलों को 20-20 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की महत्वपूर्ण घोषणा की। साथ ही ग्राम चंदौरा में 10 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की स्वीकृति की भी घोषणा की, जिसका लाभ क्षेत्रवासियों को सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में मिलेगा।

छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री रामसेवक पैकरा ने अपने सम्बोधन में कहा कि सुशासन तिहार शासन एवं प्रशासन के मध्य जनसंपर्क का एक प्रभावी माध्यम है। इन शिविरों के द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अपनी समस्याएं एवं आवश्यकताएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से हो तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

प्रतापपुर विधायक श्रीमती शकुंतला पोर्ते ने अपने सम्बोधन में कहा कि सुशासन तिहार ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान एवं विकास कार्यों को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान, महिलाओं एवं युवाओं के हित में निरंतर कार्य कर रही है। शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सर्वाेच्च प्राथमिकता है तथा जनप्रतिनिधि एवं प्रशासन मिलकर क्षेत्र के विकास एवं जनकल्याण हेतु निरंतर प्रयासरत हैं।,

कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने कहा कि शासन एवं प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर समस्याओं के समाधान हेतु कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा तथा आवेदन पंजीयन क्रमांक के माध्यम से उनकी स्थिति पोर्टल पर ट्रैक की जा सकेगी।

कलेक्टर ने जिले वासियों से आधार कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड बनवाने तथा टीबी, सिकल सेल एवं कुष्ठ जैसी बीमारियों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। पर्यावरण संरक्षण हेतु उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने का आग्रह किया। उन्होंने बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं राजस्व प्रकरणों जैसे फौती-नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन का समय पर निराकरण सुनिश्चित करने की बात कही। कलेक्टर ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को योजनाओं की जानकारी आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।

साइबर फ्रॉड एवं सड़क सुरक्षा संबंधी जागरूकता

शिविर में पुलिस विभाग द्वारा साइबर फ्रॉड से बचाव एवं सड़क सुरक्षा संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने एवं यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी गई।

विभिन्न विभागों के स्टॉल – हितग्राही मूलक लाभ वितरण 

शिविर में परिवहन, स्वास्थ्य, मत्स्य, उद्यानिकी, कृषि, लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, समाज कल्याण, विद्युत एवं राजस्व सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा योजनाओं की जानकारी दी गई तथा हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

प्रभारी मंत्री श्री बघेल द्वारा हितग्राहियों को राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, ऋण पुस्तिका, मुख्यमंत्री एवं वृद्धजन पेंशन स्वीकृति, प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत ‘खुशियों की चाबी‘, मत्स्य विभाग अंतर्गत जाल एवं आइस बॉक्स तथा कृषि विभाग अंतर्गत धान बीज का वितरण किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से गोद भराई एवं अन्नप्राशन संस्कार कार्यक्रम का आयोजन हुआ। स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत स्वच्छाग्रहियों को सम्मानित किया गया तथा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

Related Articles

Back to top button